बचत की आदत से ही उन्नति सम्भव : प्राचार्य एस.एस. हाइ स्कूल
बजाज फाइनेंस ने विद्यार्थियों को वित्तीय साक्षरता एवं साइबर फ्रॉड से किया जागरूक

गम्हरिया स्थित एस.एस. हाइ स्कूल में बुधवार को बजाज फाइनेंस लिमिटेड द्वारा ‘अर्थसूत्र संवाद’ नामक वित्तीय साक्षरता एवं साइबर फ्रॉड से बचाव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस राष्ट्रीय स्तरीय कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण और कम बैंकिंग सुविधा वाले क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देना है।
शिविर की अध्यक्षता स्कूल के प्राचार्य मिठाई लाल यादव ने की। कार्यक्रम में छोटा गम्हरिया की मुखिया निरोला सरदार, वरिष्ठ शिक्षक अश्विनी कुमार, पुलिस पदाधिकारी सब-ललन रविदास व रघुनाथ सुंडी सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। अतिथियों का स्वागत पुष्प गुच्छ देकर किया गया।
प्राचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा सबसे बड़ी संपत्ति है, जिसे न तो कोई ठग सकता है और न कोई हैकर चुरा सकता है। शिक्षा जीवन की अनिश्चितताओं से बचाव का कवच है। उन्होंने विद्यार्थियों को वित्तीय साक्षरता अपनाने और बचत की आदत विकसित करने पर बल दिया।
मुखिया निरोला सरदार ने सरकारी योजनाओं और बैंकिंग सेवाओं की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज किसान और छोटे व्यवसायी सही जानकारी के माध्यम से जिम्मेदारी से ऋण लेकर आर्थिक मजबूती हासिल कर सकते हैं।
वरिष्ठ शिक्षक अश्विनी कुमार ने विद्यार्थियों को डिजिटल खतरों से सावधान करते हुए कहा कि जैसे हम अपने मन की रक्षा करते हैं, वैसे ही हमें अपने डेटा की भी सुरक्षा करनी चाहिए। उन्होंने छात्रों को साइबर फ्रॉड, व्हाट्सएप धोखाधड़ी और फर्जी एपीके फाइलों से बचाव के सुझाव दिए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बचत, जिम्मेदार उधारी, आपातकालीन वित्तीय सुरक्षा और धोखाधड़ी से बचने के व्यावहारिक उपायों से अवगत कराया गया।
‘अर्थसूत्र संवाद’ भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की पहल के तहत चलाया जा रहा है। बजाज फाइनेंस का यह अभियान कार्यशालाओं, सामुदायिक संवाद और वास्तविक उदाहरणों के माध्यम से लोगों को वित्तीय अनुशासन और समझदारी भरे निर्णय लेने के लिए प्रेरित कर रहा है।




