आदित्यपुर फुटबॉल मैदान को शादी-ब्याह और व्यक्तिगत आयोजन के लिए उपयोग करना गलत
खेल मैदान की गरिमा से हो रहा खिलवाड़ : रविंद्र बास्के

आदित्यपुर : आदित्यपुर के फुटबॉल मैदान में निजी शादी-ब्याह और व्यक्तिगत कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर अब विवाद गहराने लगा है। सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व मेयर प्रत्याशी रविंद्र बास्के ने इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने कहा कि खेल मैदान युवाओं के खेल, अभ्यास और खेल प्रतिभा को निखारने के लिए बनाए जाते हैं, लेकिन इसे शादी-समारोह जैसे निजी आयोजनों के लिए देना पूरी तरह गलत और दुर्भाग्यपूर्ण है।
रविंद्र बास्के ने कहा कि जब मैदान में निजी कार्यक्रम होते हैं तो कई दिनों तक मैदान बंद रहता है, जिससे क्षेत्र के सैकड़ों युवाओं को खेल अभ्यास से वंचित होना पड़ता है। इससे खेल संस्कृति को भी नुकसान पहुंचता है और युवाओं के मनोबल पर भी असर पड़ता है।
उन्होंने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि आदित्यपुर फुटबॉल मैदान को केवल खेल गतिविधियों के लिए ही सुरक्षित रखा जाए और भविष्य में किसी भी प्रकार के निजी शादी-समारोह या अन्य व्यक्तिगत आयोजनों की अनुमति नहीं दी जाए।
रविंद्र बास्के ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस पर रोक नहीं लगाई गई तो क्षेत्र के खेल प्रेमियों और युवाओं के साथ मिलकर इस मुद्दे को जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि
“खेल का मैदान युवाओं की पहचान है, इसे निजी आयोजनों का साधन बनाना युवाओं के अधिकारों के साथ अन्याय है।”क्षेत्र के कई युवाओं और खेल प्रेमियों ने भी इस मांग का समर्थन करते हुए कहा कि मैदान को खेल के लिए ही सुरक्षित रखा जाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ी को बेहतर खेल वातावरण मिल सके।




