आदित्यपुर में फैक्ट्री प्रदूषण के खिलाफ पूर्व मेयर प्रत्याशी रवींद्र बास्के ने सौंपा ज्ञापन

आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित Swift Strips India Pvt. Ltd. से निकल रहे काले धुएँ और बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर समाजसेवी रवींद्र बास्के ने झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को ज्ञापन सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि यह स्थिति Air (Prevention and Control of Pollution) Act, 1981, Water (Prevention and Control of Pollution) Act, 1974 तथा Environment (Protection) Act, 1986 के प्रावधानों के विपरीत प्रतीत होती है, जिनका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण सुनिश्चित करना है।
उक्त फैक्ट्री से लगातार अत्यधिक मात्रा में काला धुआँ निकल रहा है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में गंभीर वायु प्रदूषण फैल रहा है। विशेष रूप से वार्ड संख्या 10 के कृष्णापुर, पार्वतीपुर, राहरगोड़ा और मिरुडीह के निवासी इस समस्या से काफी परेशान हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि फैक्ट्री से निकलने वाले धुएँ के कारण घरों की दीवारें और छतें काली हो रही हैं तथा बाहर सुखाए गए कपड़ों पर कालिख जम जाती है।
इसके साथ ही लोगों को सांस लेने में दिक्कत, लगातार खाँसी, आँखों में जलन जैसी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का भी सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि प्रदूषण नियंत्रण विभाग द्वारा फैक्ट्री का तत्काल स्पॉट निरीक्षण कराया जाए और यदि फैक्ट्री प्रदूषण मानकों का पालन नहीं कर रही है तो उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।
रवींद्र बास्के ने कहा कि क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य और स्वच्छ वातावरण से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रशासन से इस गंभीर जनसमस्या पर शीघ्र संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।



