आदित्यपुर वार्ड नंबर 2: जमलापुर जुलुमटांड़ रोड पर कीचड़ से लोग परेशान
दुर्घटनाओं का बढ़ा खतरा

आदित्यपुर। वार्ड नंबर 2 अंतर्गत जमलापुर जुलुमटांड़ रोड की बदहाल स्थिति से स्थानीय लोग भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। लगातार बारिश के कारण सड़क पर जगह-जगह कीचड़ और गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए आवागमन मुश्किल हो गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर पानी और कीचड़ भर जाने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। पैदल चलना तो लगभग असंभव हो गया है, वहीं बाइक और साइकिल सवार अक्सर फिसलकर गिर रहे हैं।
जनप्रतिनिधियों और नगर निगम से सवाल
लोगों ने नगर निगम और जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर नाराज़गी जताई है। उनका कहना है कि जनता की समस्या सुनने और समाधान करने में प्रतिनिधि आगे नहीं आ रहे। चुनाव के समय हर गली-नुक्कड़ पर नजर आने वाले नेता अब गायब हो गए हैं।
ग्रामीणों की मांग
स्थानीय लोगों ने नगर निगम से सड़क की तत्काल मरम्मत की व्यवस्था करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुधार नहीं हुआ तो समस्या और गंभीर हो जाएगी।




