सराइकेला

वार्ड 3 में सरकारी योजनाओं पर श्रेय की राजनीति

निकिता स्वर्णकार ने उठाए सवाल

जमालपुर/वार्ड 3 : नगर निगम चुनाव को लेकर वार्ड की सियासत तेज हो गई है। वार्ड में कराए गए विकास कार्यों की लंबी सूची जारी कर श्रेय लेने की कोशिशों के बीच विपक्षी उम्मीदवार निकिता ने इसे लेकर सवाल खड़े किए हैं।

निकिता ने बयान जारी करते हुए कहा कि उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, सड़क और नाली निर्माण जैसे कार्य केंद्र व राज्य सरकार की योजनाएं हैं, जिनका लाभ हर नागरिक को अधिकार के रूप में मिलता है। इन योजनाओं में किसी व्यक्ति विशेष की अनुशंसा या कृपा की जरूरत नहीं होती।

उन्होंने कहा, “जनता के टैक्स के पैसे से होने वाले सरकारी कामों को व्यक्तिगत उपलब्धि बताकर वोट मांगना सिर्फ चुनावी स्टंट है। विकास सामूहिक जिम्मेदारी है, ना कि किसी एक का श्रेय।”

निकिता ने आगे कहा कि वार्ड की जनता अब दिखावे और कागजी दावों से आगे बढ़ चुकी है और उन्हें पारदर्शी, जवाबदेह और जमीनी काम करने वाला नेतृत्व चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चुनाव जीतने पर वे वार्ड में बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देंगी और बिना भेदभाव सभी को योजनाओं का लाभ दिलाएंगी।

वार्ड 3 में इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है और चुनावी मुकाबला दिलचस्प होता नजर आ रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!