भालूबासा : दुर्गा पूजा पर भोग वितरण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन
विधि-विधान से हुई माँ दुर्गा की पूजा, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया प्रसाद

भालूबासा : श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा एवं काली पूजा समिति, मुखी समाज भालूबासा की ओर से इस वर्ष भी भव्य दुर्गा पूजा का आयोजन किया गया। यहाँ पंडाल से ज्यादा ध्यान माँ दुर्गा की पूजा पर दिया जाता है। पूरे विधि-विधान से प्रतिदिन पूजा-अर्चना एवं हवन सम्पन्न किए जाते हैं।

समिति के चेयरमेन मूलचंद साहू ने बताया कि सप्तमी, अष्टमी एवं नवमी के दिन विशेष रूप से भोग वितरण किया जाता है। पूजा-अर्चना और हवन के बाद प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप भोग उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने कहा कि यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और समाज में एकता एवं आपसी भाईचारे का प्रतीक है।
धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। वहीं, सुरक्षा और शांति व्यवस्था के लिए समिति की ओर से स्वयंसेवक तैनात किए गए।

चेयरमेन मूलचंद साहू ने कहा, “माँ दुर्गा की कृपा से हर वर्ष की तरह इस बार भी पूजा का सफल आयोजन हुआ है। हमारी समिति का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ भाईचारा और एकता को बढ़ावा देना है।”
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष जीवन प्रमाणिक, लाइसेंसी राकेश दुबे सहित सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका से आयोजन और भी भव्य व सफल रहा।




