टाटा मोटर्स : बोनस समझौता संपन्न, मजदूरों में खुशी की लहर
टाटा मोटर्स बोनस डील : 7,000 मजदूरों को मिला लाभ, इस बार 12.3% बोनस

जमशेदपुर। टाटा मोटर्स में शनिवार को बोनस समझौता संपन्न हुआ। यूनियन और प्रबंधन के बीच कई दौर की वार्ता के बाद यह नतीजा सामने आया, जिससे मजदूरों में उत्साह का माहौल है।
समझौते के बाद कंपनी परिसर से बाहर निकलने पर यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आरके सिंह का जोरदार स्वागत किया गया। दोनों नेता खुले वाहन पर जुलूस की शक्ल में यूनियन कार्यालय पहुँचे, जहाँ भारी संख्या में मजदूर शामिल हुए। ढोल-नगाड़े और आतिशबाजी के बीच महिला कर्मचारियों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया।
महामंत्री आरके सिंह ने संबोधन में कहा कि टाटा मोटर्स की यूनियन हमेशा मजदूरों के स्थाईकरण और अन्य मुद्दों को ध्यान में रखकर बोनस करती है। अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने मजदूरों को धन्यवाद देते हुए कहा कि लंबे इंतज़ार के बाद यह समझौता संभव हुआ। सलाहकार प्रवीण सिंह ने इसे बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि आगे भी कई अहम काम बाकी हैं।
जानिए किसे कितना मिलेगा बोनस
अधिकतम बोनस : ₹75,223
औसत बोनस : ₹50,160
लगभग 7,000 मजदूरों को लाभ
1,300 कर्मियों को 8.33% बोनस
सुपरएनुएशन कर्मियों को ₹15,048
अन्य उपलब्धियाँ
इस बार 12.3% बोनस, जो पिछले वर्ष से 1.3% अधिक है।
375 अस्थाई कर्मियों का स्थाईकरण।
148 टीएमएसटी एवं अप्रेंटिस प्रशिक्षुओं की सीधी नियुक्ति।
समझौते में प्रबंधन की ओर से सीएचआरओ सह ईसी सदस्य सीताराम कांडी, वीपी विशाल बादशाह, प्लांट हेड सुनील तिवारी समेत वरिष्ठ अधिकारी वर्चुअल माध्यम से मौजूद रहे, जबकि यूनियन की ओर से अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह और सभी पदाधिकारी शामिल रहे





