सराइकेला

आरआईटी थाना पुलिस की सख्त कार्रवाई

अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, इलाके में अपराधियों में दहशत

आदित्यपुर:आरआईटी थाना पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ एक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर लाइन टोला, इच्छापुर क्षेत्र में की गई, जिससे पूरे इलाके में अपराधियों में दहशत का माहौल है।

गिरफ्तार युवक की पहचान अनिल सरदार उर्फ गोरे, निवासी लाइन टोला, इच्छापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक लोहे एवं लकड़ी से निर्मित देसी कट्टा बरामद किया, जिसे मौके पर ही जप्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।

प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ समीर कुमार सवैया ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त क्षेत्र में एक युवक अवैध हथियार के साथ सक्रिय है। सूचना की पुष्टि के बाद आरआईटी थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान युवक को अवैध हथियार के साथ पकड़ा गया।

एसडीपीओ ने आगे बताया कि प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार युवक की संलिप्तता पूर्व के आपराधिक मामलों से भी जुड़ी पाई गई है। उसके विरुद्ध पहले से ही आरआईटी थाना में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। बरामद सामग्री के आधार पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से

एक देसी कट्टा

दो जीपीएस सिस्टम

दो डेटोनेटर बॉक्स

भी बरामद किए हैं। सभी सामानों को जप्त कर मामले की गहन जांच की जा रही है।

एसडीपीओ ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अवैध हथियार रखने वाले और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आने वाले दिनों में यह कार्रवाई और तेज की जाएगी।

उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे पुलिस पर भरोसा रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इस प्रभावशाली कार्रवाई से जहां अपराधियों में भय व्याप्त है, वहीं आम नागरिकों में सुरक्षा को लेकर विश्वास और मजबूत हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!