
सरायकेला: थाना क्षेत्र के पामपड़ा पेट्रोल पंप के पास बुधवार शाम करीब 7 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, रायबु चूड़ा (40) बाइक संख्या JH 22H 2149 से चाईबासा की ओर जा रहे थे। लौटते समय सरायकेला-चाईबासा मार्ग पर सड़क किनारे खड़े ट्रक JH 05CC 2950 से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में युवक के सर और पैर में गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों ने घायल को रोड एंबुलेंस के माध्यम से सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को जप्त कर लिया। पुलिस आगे की जांच कर रही है।
सरायकेला में सड़क हादसों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। राहगीरों का कहना है कि सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन को कड़े कदम उठाने की आवश्यकता है। स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि सड़क हादसों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएँ। केवल तभी सड़क हादसों पर लगाम लगाई जा सकती है।




