
आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 2 में इस बार चुनावी मुकाबला बेहद रोचक मोड़ पर पहुंच गया है। पिछले चुनाव में अभिजीत महतो उर्फ गुड्डू ने 607 वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी मिठू महतो को 585 वोट मिले थे। महज 22 वोटों का अंतर पूरे वार्ड में लंबे समय तक चर्चा का विषय बना रहा और इसने यहां की राजनीतिक प्रतिस्पर्धा को और तीखा बना दिया।
अब एक बार फिर वही राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता नए स्वरूप में सामने आई है। इस बार मैदान में मिठू महतो की माता फूलकी महतो और अभिजीत महतो की धर्मपत्नी सुप्रिया महतो आमने-सामने हैं। दोनों ही पहले अपने-अपने परिवार के उम्मीदवारों के लिए जनसंपर्क में सक्रिय भूमिका निभा चुकी हैं, जिससे वार्ड की जनता उन्हें अच्छी तरह पहचानती है।
इसके साथ ही कृति महतो, कुंती महतो और सीमारानी महतो भी चुनावी रेस में शामिल हैं, जिससे मुकाबला और बहुकोणीय हो गया है। सभी प्रत्याशी विकास, मूलभूत सुविधाओं और जनसंपर्क के आधार पर मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की कोशिश में जुटे हैं।
अब देखना दिलचस्प होगा कि जनता इस बार किसे अपना समर्थन देती है और वार्ड 2 की कमान किसके हाथों में सौंपती है। अंतिम फैसला मतदाताओं के वोट से ही तय होगा।



