पूर्व आदित्यपुर मेयर (महापौर) प्रत्याशी रवींद्र बास्के ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित
ताइक्वांडो प्रतियोगिता में आदित्यपुर क्लब का शानदार प्रदर्शन

आदित्यपुर/जमशेदपुर : 32nd Kolhan Inter School/Club District Taekwondo Championship 2025-26 में आदित्यपुर ताइक्वांडो क्लब के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए और पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया। जिले भर से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद आदित्यपुर के खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और कौशल का बेहतरीन परिचय दिया।
समापन समारोह में पूर्व आदित्यपुर मेयर (महापौर) प्रत्याशी रवींद्र बास्के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को मेडल और सर्टिफिकेट प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि यह युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करता है।
प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों में आरोही मिश्रा, रिशिता दत्ता, करीना झा, अंजनेया युग, ईशान राई एवं जयंत यादव शामिल रहे। वहीं सिल्वर मेडल विजेताओं में जी सरिता रानी, अवनि पाठक, आरव बास्की, रोहित उत्कर्ष, ओइशी भट्टाचार्य एवं सानवी शर्मा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके अलावा दिव्यांका नाथ पांडेय ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल कर क्लब का नाम रोशन किया।
इस अवसर पर झारखंड ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष गोपाल कुमार एवं आदित्यपुर ताइक्वांडो क्लब के कोच जितेन टुडू, राजू मुखी , रितेश कुमार (भोला)भी उपस्थित रहे। आयोजन समिति द्वारा मुख्य अतिथि एवं अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
रवींद्र बास्के ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के युवा देश का भविष्य हैं और खेल उन्हें सही दिशा देने का कार्य करता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी, ताकि वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकें।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में कोच, अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों का सराहनीय योगदान रहा। बड़ी संख्या में दर्शकों की उपस्थिति से कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।
आदित्यपुर ताइक्वांडो क्लब की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है और सभी खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी जा रही हैं।



