2 फरवरी को आदित्यपुर में JLKM का बड़ा ऐलान, मेयर व वार्ड प्रत्याशियों की होगी घोषणा

सरायकेला स्थित जमशेदपुर डेयरी के निकट झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी नेताओं ने आगामी राजनीतिक रणनीति और चुनावी योजनाओं की जानकारी साझा की।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कोल्हान अध्यक्ष नवीन महतो और पार्टी नेता प्रेम मार्डी ने बताया कि डुमरी विधायक श्री जयराम कुमार महतो 2 फरवरी को आदित्यपुर पहुंचेंगे। इस दौरान वे एक पारंपरिक निजी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
नेताओं ने बताया कि उसी दिन आदित्यपुर नगर निगम चुनाव को लेकर पार्टी अपने मेयर प्रत्याशी तथा सभी वार्डों से वार्ड पार्षद प्रत्याशियों की औपचारिक घोषणा करेगी।
पार्टी पदाधिकारियों ने दावा किया कि जेएलकेएम इस बार नगर निगम चुनाव में सभी सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी और बेहतर प्रदर्शन दर्ज कराएगी। साथ ही संगठन को और सशक्त बनाने तथा चुनावी रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा भी की गई।
इस मौके पर गम्हरिया प्रखंड अध्यक्ष गोपाल चंद्र महतो, नगर अध्यक्ष प्रदीप महतो, सोनामनी मार्डी समेत दर्जनों कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
पार्टी नेताओं ने कहा कि जनता के मुद्दों को लेकर जेएलकेएम मजबूती से मैदान में उतरेगी और स्थानीय विकास को प्राथमिकता देगी।




