मुखिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट में खेला गया रोमांचक मुकाबला, बरडी टीम ने 18 रन से मारी बाजी

यशपुर पंचायत के उदयपुर–महुलडीह मैदान में 8 फरवरी 2026 को आयोजित एक दिवसीय मुखिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट खेल प्रेमियों के लिए यादगार बन गया। पूरे दिन चले इस खेल महाकुंभ में आसपास के गांवों की टीमों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मैदान पर सुबह से ही दर्शकों की भीड़ जुटी रही और हर चौके-छक्के पर तालियों की गूंज सुनाई देती रही।
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बरडी टीम और उदयपुर टीम के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बरडी टीम ने मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में उदयपुर टीम ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन अंततः बरडी टीम ने 18 रनों से जीत हासिल कर खिताब अपने नाम कर लिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि यशपुर पंचायत की मुखिया श्रीमती पारवती सरदार जी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और खेल भावना बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गांव स्तर पर ऐसे आयोजन युवाओं को नशे और गलत गतिविधियों से दूर रखकर खेल की ओर प्रेरित करते हैं।
विजेता बरडी टीम के खिलाड़ी —
संजीव माहतो, कोम्पाडर सरदार, सनत सरदार, मनसा सरदार, निलु माहतो, जगन्नाथ माहतो, समपती सरदार, दीपक माहतो, राजकिशोर नायक, थापा, कुनु सरदार व विश्वनाथ माहतो — को कैश पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि मुखिया कप हर साल आयोजित किया जाता है, जिससे क्षेत्र की नई खेल प्रतिभाओं को मंच मिलता है और आपसी भाईचारा मजबूत होता है। टूर्नामेंट के सफल आयोजन से पूरे पंचायत क्षेत्र में उत्साह और खुशी का माहौल है।



