
चाईबासा:भारत आदिवासी पार्टी, पश्चिमी सिंहभूम-चाईबासा के उपाध्यक्ष तुरी सुन्डी ने अनुमंडल पदाधिकारी, सदर चाईबासा को ज्ञापन सौंपकर सदर अस्पताल चाईबासा परिसर में हो रहे अवैध दुकान निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि लंबे समय से अनुसूचित जाति समुदाय के लोग सदर अस्पताल परिसर की स्वच्छता और देखभाल में लगे हुए थे तथा वहीं झोपड़ी डालकर जीवनयापन कर रहे थे। लेकिन प्रशासन द्वारा अतिक्रमण के आरोप में उनकी झोपड़ियों को बलपूर्वक हटा दिया गया।

इसके बावजूद अब उसी स्थल पर बिना किसी विज्ञापन या आवेदन प्रक्रिया के छिपे तौर पर बाहरी व्यक्तियों को दुकान निर्माण की अनुमति दी जा रही है, जो पारदर्शिता और नियमों के विपरीत है। पार्टी का कहना है कि यदि दुकान निर्माण का लक्ष्य था, तो प्राथमिकता उन लोगों को दी जानी चाहिए थी जिन्हें अतिक्रमण के नाम पर हटाया गया — विशेषकर अनुसूचित जाति और आदिवासी समुदायों को।
पार्टी ने झारखंड प्रदेश में बढ़ते बाहरियों के प्रभाव पर चिंता जताते हुए कहा कि आदिवासियों को संरक्षण और प्राथमिकता मिलनी चाहिए। साथ ही, अनुमंडल पदाधिकारी से अवैध निर्माण कार्य को तुरंत रोकने की मांग की गई है।
पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं की, तो भारत आदिवासी पार्टी अन्यायपूर्ण नीति के खिलाफ आंदोलन करने को बाध्य होगी। इस स्थिति की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।



