महिला और दंपति ने बेची युवती ₹1.20 लाख में,
वार्ड पार्षद अभिजीत महतो की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई

आदित्यपुर : सतबहनी में मानव तस्करी का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है। पुलिस ने एक महिला और दंपति को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने मिलकर एक युवती को राजस्थान के युवक को ₹1,20,000 में बेच दिया। पुलिस को इस पूरे मामले की गुप्त जानकारी वार्ड संख्या 2 के पार्षद अभिजीत महतो ने दी थी। उनकी सतर्कता और पुलिस की तत्परता से यह अपराध समय रहते पकड़ा गया।
कैसे हुआ खुलासा?
सूत्रों के अनुसार, इस मामले में वास्को नगर की पदमा तांती और शांति नगर निवासी राम तथा उसकी पत्नी शामिल हैं। तीनों ने आपसी साजिश रचकर युवती की खरीद-फरोख्त का सौदा किया स्थानीय स्तर पर कुछ लोगों को गतिविधियां संदिग्ध लगीं। सूचना वार्ड पार्षद अभिजीत महतो तक पहुँची और उन्होंने तुरंत पुलिस को अवगत कराया।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने छापेमारी की और पदमा तांती, राम को गिरफ्तार कर थाने लाया गया। तीनों से गहन पूछताछ जारी है। शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने सौदे की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस को संदेह है कि यह केवल एक मामला नहीं बल्कि किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है।इस मौके पर वार्ड संख्या 2 के पार्षद अभिजीत महतो, पार्षद प्रतिनिधि बंकिम चौधरी, समाजसेवी उमाकांत दंडपाट, समाजसेवी एवं झामुमो नेता उत्तम पात्रो सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने घटना की निंदा की और पुलिस कार्रवाई की सराहना की।वार्ड पार्षद अभिजीत महतो ने कहा, “यह बेहद शर्मनाक है कि लोग पैसों के लालच में मासूम बेटियों का सौदा कर रहे हैं। मेरी प्राथमिक जिम्मेदारी थी कि पुलिस को तुरंत सूचना दूँ। दोषियों को कठोर सजा मिलनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई न जा सकें।”




