झारखंड

झारखंड नगर निकाय चुनाव–2026: मेयर और वार्ड पार्षद के लिए चुनाव चिन्ह तय

आयोग ने जारी किया आदेश


Jharkhand Municipal Elections 2026 को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर निकाय चुनाव में प्रयुक्त होने वाले चुनाव चिन्हों की सूची जारी कर दी है।

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आदेश के अनुसार चास, फुसरो सहित झारखंड की सभी नगरपालिकाओं में महापौर/अध्यक्ष तथा वार्ड पार्षद/सदस्य पद के चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित निर्वाचन प्रतीकों पर ही कराए जाएंगे। उम्मीदवार अपनी मर्जी से चुनाव चिन्ह नहीं चुन सकेंगे।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि मेयर/अध्यक्ष और वार्ड पार्षद/सदस्य पदों के लिए अलग-अलग चुनाव चिन्ह निर्धारित किए गए हैं। नामांकन पत्रों की जांच के बाद वैध प्रत्याशियों की सूची प्रपत्र-9 में देवनागरी वर्णक्रमानुसार प्रकाशित की जाएगी और उसी क्रम में चुनाव चिन्हों का आवंटन होगा। एक बार आवंटित किया गया चुनाव चिन्ह अंतिम और अपरिवर्तनीय होगा।

मेयर/अध्यक्ष पद के लिए चुनाव चिन्ह

मेयर और अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों को जिन प्रमुख चुनाव चिन्हों पर चुनाव लड़ने का अवसर मिलेगा, उनमें छलनी, हरी मिर्च, ऊन व सिलाई, हेलमेट, आइसक्रीम, कटहल, भिंडी, कुंडी, लूडो, माचिस की डिब्बी, नेल कटर, कड़ाही, नाशपाती, कलम की निब (सात किरणों सहित), पेंसिल शार्पनर, पेट्रोल पंप, हाथ रेहड़ी, प्लेट स्टैंड, पंचिंग मशीन, अंगूठी, रूम कूलर, सेफ्टी पिन, कैंची, जूता और कूदने की रस्सी शामिल हैं।

वार्ड पार्षद/सदस्य के लिए चुनाव चिन्ह

वार्ड पार्षद और सदस्य पद के लिए अलमारी, बल्ला, मोतियों का हार, बेबी वॉकर, साइकिल पंप, ब्लैक बोर्ड, डबल रोटी, ब्रीफकेस, केक, कैरम बोर्ड, चप्पल, चारपाई, सीटी, डम्बल, कुआं, ग्रामोफोन, हेडफोन, लेडी पर्स, लंच बॉक्स, माइक, पैंट, मटर, रोड रोलर, सिलाई मशीन, स्लेट, मिक्सर ग्राइंडर सहित कई प्रतीकों को मुक्त चुनाव चिन्ह के रूप में तय किया गया है।

सुरक्षित चुनाव चिन्ह

यदि किसी निर्वाचन क्षेत्र में उम्मीदवारों की संख्या निर्धारित चुनाव चिन्हों से अधिक हो जाती है, तो ऐसे में सेब, गुब्बारा, बेल्ट, दूरबीन, पाल युक्त नाव, कंप्यूटर, गैस सिलेंडर, अंगूर, हारमोनियम, लैपटॉप, प्रेशर कुकर, रेफ्रिजरेटर, स्कूल का बस्ता, पानी का जहाज, सितार, साबुनदानी और फूलदान जैसे सुरक्षित मुक्त चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।

राज्य निर्वाचन आयोग के इस आदेश के बाद नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और प्रत्याशी चुनावी तैयारियों में जुटने लगे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!