लोकल न्यूज़
डहरे टुसू पर्व पर शांतिनगर वार्ड संख्या 3 से भव्य जुलूस निकाला गया

डहरे टुसू पर्व के अवसर पर गम्हरिया प्रखंड के शांतिनगर वार्ड संख्या 3 से सैकड़ों पुरुषों और महिलाओं ने पारंपरिक उत्साह के साथ भव्य जुलूस निकाला। यह जुलूस निखिल महतो और रूपेश गोराई की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। जुलूस में शामिल लोग ढोल-नगाड़ों, पारंपरिक गीतों और लोकनृत्य के साथ आगे बढ़ते नजर आए, जिससे पूरा इलाका टुसू पर्व की खुशियों से सराबोर हो गया।
आयोजकों ने बताया कि डहरे टुसू झारखंड की समृद्ध लोक-संस्कृति का प्रतीक है, जिसे सामूहिक सहभागिता और भाईचारे के साथ मनाया जाता है। जुलूस शांतिनगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए निर्धारित स्थल पर पहुंचकर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सौहार्द और परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया गया।




