आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने झामुमो उम्मीदवार सोमेश चंद्र सोरेन को दिया पूर्ण समर्थन
मोहम्मद काशिफ रज़ा ने किया समर्थन का ऐलान,

झारखंड की राजनीति में नया समीकरण बनते हुए आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) झारखंड प्रदेश ने एक बड़ा निर्णय लिया है। पार्टी ने आगामी घाटशिला उपचुनाव (चुनाव क्षेत्र–45) में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रत्याशी श्री सोमेश चंद्र सोरेन को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है।
प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद काशिफ रज़ा ने कहा कि “आज झारखंड को ऐसी राजनीति की जरूरत है जो सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों की रक्षा करे।”

उन्होंने बताया कि सोमेश चंद्र सोरेन एक जनप्रिय, ईमानदार और ज़मीन से जुड़े नेता हैं, जो वर्षों से आदिवासी, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक समाज की आवाज़ को सशक्त करते आए हैं।
झारखंड प्रदेश इकाई का मानना है कि घाटशिला को एक ऐसे नेता की आवश्यकता है जो जनहित की राजनीति को आगे बढ़ाए और सभी वर्गों को साथ लेकर चले — और श्री सोरेन इस भूमिका के लिए सबसे उपयुक्त उम्मीदवार हैं।
पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि संगठन की सभी इकाइयों, जिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया है कि वे 11 नवम्बर 2025 को होने वाले उपचुनाव में झामुमो प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरे समर्पण और ऊर्जा के साथ कार्य करें।
पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर पर जनता से संवाद स्थापित करेंगे, धनुष चुनाव चिन्ह के पक्ष में प्रचार करेंगे और मतदाताओं को लोकतांत्रिक जिम्मेदारी निभाने हेतु प्रेरित करेंगे।
आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) झारखंड प्रदेश ने कहा है कि यह निर्णय राज्य की अस्मिता, सामाजिक न्याय और बहुजन एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से लिया गया है।
पार्टी का विश्वास है कि झारखंड का भविष्य तभी सुरक्षित होगा जब राजनीति में विचार, संघर्ष और समाज के अंतिम व्यक्ति के प्रति संवेदनशीलता को प्राथमिकता दी जाएगी।




