
सरायकेला उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश और उत्पाद अधीक्षक के मार्गदर्शन में सोमवार को चौका थाना क्षेत्र के ग्राम हेसाकोचा में उत्पाद विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी की। आगामी पर्वों को देखते हुए की गई इस कार्रवाई में तीन अवैध चुलाई भट्टियों को ध्वस्त किया गया, लगभग 3000 किलोग्राम जावा नष्ट किया गया और करीब 105 लीटर तैयार महुआ चुलाई शराब को जब्त किया गया।उत्पाद अधीक्षक ने कहा कि पर्वों के दौरान अवैध शराब निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए नियमित छापामारी अभियान चलाए जाएंगे। अवैध भट्टी संचालकों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत वाद दायर कर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।छापामारी दल में अखिलेश कुमार (अवर निरीक्षक, उत्पाद, चांडिल अंचल), सौदागर पंडित (सहायक अवर निरीक्षक, उत्पाद, चांडिल अंचल), बरियार हेंब्रम (गृह रक्षक बल), रंजीत कुमार (गृह रक्षक बल) समेत अन्य गृह रक्षक बल के जवान शामिल थे। उत्पाद विभाग ने साफ किया है कि अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और पर्वों के दौरान इस पर पूरी तरह से रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।




