क्राइमजमशेदपुर

राज क्लब के गणेश पूजा दौरान हुए सूरज तिवारी पर जानलेवा हमले के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

वारदात में प्रयुक्त देसी कट्टा व तीन जिंदा गोलियां भी बरामद

जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र के तामरिया रोड स्थित राज क्लब कमेटी द्वारा आयोजित गणेश पूजा कार्यक्रम के दौरान 26 अगस्त को सूरज तिवारी पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी राहुल राय, जो छायानगर का निवासी है, को ब्रह्मानंद अस्पताल के पास तामोलिया रोड से छापामारी कर सोमवार की रात ढाई बजे के करीब गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से वारदात में प्रयुक्त देसी कट्टा व तीन जिंदा गोलियां भी बरामद की हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तामरिया रोड में राज क्लब द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान पूर्व से चल रहे विवाद को लेकर राहुल तिवारी और सूरज तिवारी के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच मारपीट का सिलसिला बढ़ गया। इसी दौरान राहुल राय, जो राहुल तिवारी के साथ आया था, ने जान मारने की नीयत से सूरज तिवारी पर देसी कट्टा से फायर कर दिया। घटना के बाद सूरज तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गया।

साकची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इस संबंध में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया था। पुलिस ने व्यापक छानबीन और जानकारी के आधार पर सोमवार की रात अभियुक्त राहुल राय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त देसी कट्टा और तीन जिंदा गोलियां बरामद कर लिया, जो मुख्य साक्ष्य माने जा रहे हैं।

बताया गया है कि इस मामले में पहले से ही नामजद आरोपी राहुल तिवारी को पुलिस गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने धारा 307 (हत्या की कोशिश) सहित अन्य आपराधिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी मजबूती से की जाएगी ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। घटना को लेकर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी सख्त कर दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!