पद्मभूषण सम्मान से आदिवासी संघर्ष को मिली राष्ट्रीय पहचान : सनत सिंह सरदार

सराइकेला खरसावां:दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन जी को देश के प्रतिष्ठित पद्मभूषण सम्मान से सम्मानित किया जाना आदिवासी समाज के संघर्ष और झारखंड की पहचान को राष्ट्रीय मंच पर सम्मान मिलने जैसा है। यह बात आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जिला प्रभारी सह मजदूर नेता सनत सिंह सरदार ने कही।
सनत सिंह सरदार ने कहा कि शिबू सोरेन जी ने अपना पूरा जीवन जल-जंगल-जमीन और आदिवासी अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष में बिताया। उन्होंने जिस विचारधारा को जमीन पर उतारा, उसी के परिणामस्वरूप झारखंड राज्य का निर्माण संभव हो सका। उनका संघर्ष केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय की एक ऐतिहासिक लड़ाई थी।
![]()
उन्होंने कहा कि पद्मभूषण सम्मान के माध्यम से देश ने आदिवासी अस्मिता, आत्मसम्मान और संघर्षशील परंपरा को नमन किया है। यह सम्मान उन लाखों आदिवासी परिवारों की भावना से जुड़ा है, जिन्होंने वर्षों तक अपने अधिकारों के लिए संघर्ष किया।




