
आदित्यपुर (गम्हरिया) — शांति नगर क्षेत्र में वन भूमि पर वर्षों से चल रहा अवैध कब्जा और निर्माण का खेल आखिरकार उजागर हो गया। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे वन विभाग की सख्त कार्रवाई ने उन लोगों की नींद उड़ा दी, जो जंगल की जमीन को निजी जागीर समझ बैठे थे। कार्रवाई के दौरान कई अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया।

वन विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि वन भूमि पर बिना अनुमति मकान बनाए जा रहे हैं और खुलेआम प्लॉटिंग की जा रही है। मिलीं जानकारी के अनुसार रॉकी और रोहित नामक व्यक्ति इस अवैध धंधे में सक्रिय बताए जा रहे हैं, जिन पर बिना वैध दस्तावेजों के जमीन की खरीद-फरोख्त कर रहे है।
बताया जा रहा है कि गरीब और जरूरतमंद लोगों को झांसे में लेकर उन्हें अवैध जमीन बेची जा रही थी, जिससे न सिर्फ कानून का मखौल उड़ाया गया बल्कि सरकारी संपत्ति को भी भारी नुकसान पहुंचा।

वन विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि वन भूमि पर कब्जा करने वालों, दलालों और कथित भू-माफियाओं के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। यह कार्रवाई सिर्फ एक शुरुआत है, आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे संभव हैं।




