अमर शहीद निलाम्बर-पीताम्बर को श्रद्धांजलि और रामनवमी की विसर्जन जुलूस भव्य आयोजन
आदित्यपुर में पूर्व आदित्यपुर मेयर ( महापौर) प्रत्याशी रवींद्र बास्के ने दिखाई उपस्थिती

आदित्यपुर: झारखंड की पावन धरती के अमर वीर निलाम्बर-पीताम्बर की वीरता और बलिदान को याद करते हुए पूर्व आदित्यपुर मेयर (महापौर) प्रत्याशी रवींद्र बास्के ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि निलाम्बर-पीताम्बर ने अन्याय और अत्याचार के खिलाफ जो बिगुल फूंका, वह आज भी हर दिल में देशभक्ति की ज्वाला प्रज्वलित करता है। वर्ष 1857 की क्रांति में अपने प्राणों की आहुति देकर इन वीर सपूतों ने स्वाभिमान और स्वतंत्रता के लिए संघर्ष का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
रवींद्र बास्के ने अपने संदेश में कहा, “उनकी वीरता और बलिदान हमें हमेशा प्रेरित करता रहेगा। स्वतंत्रता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए उनका संघर्ष हमें हमेशा याद रखना चाहिए।”
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद, आदित्यपुर में रामनवमी पूजन एवं विसर्जन जुलूस का आयोजन पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर अखाड़ा परिसर में एक गरिमामयी सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र की कई गणमान्य हस्तियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत में उपस्थित अतिथियों का पारंपरिक अखाड़ा रीति के अनुसार पगड़ी बांधकर एवं तलवार भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस यात्रा में नगर के प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं की बड़ी भीड़ ने हिस्सा लिया। धार्मिक झांकियां और भजन की गूंज ने वातावरण को और भी भक्तिमय बना दिया। रवींद्र बास्के ने कहा कि यह सिर्फ एक धार्मिक उत्सव नहीं है, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक धरोहर को संजोने का अवसर भी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस पावन अवसर पर अनुशासन बनाए रखें और सभी सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सहयोग करें।




